शव मिलने से सनसनी : पटना के मसौढ़ी में पेड़ से लटका मिला शिक्षक का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पटना: बड़ी खबर पटना से है जहां मसौढ़ीथाना क्षेत्र के खरजामा गांव के पास खेत में आम के पेड़ से लटका युवक का शव मिला है. शव मिलने से इलाके में सनसनी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच में जुट गई.
परिजनों के अनुसार मृतक युवक निशांत शुक्रवार11बजे से लापता था. शनिवार सुबह खरजमा और जिलालबीघा गांव के बीच स्थित खेत में आम के पेड़ से उसका शव लटका मिला है. जहां शव पाया गया है वो उसी का खेत और केबिन था. मृतक निशांत कुमार प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई गांवों के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. मृतक की मां ने बताया कि निशांत की किसी से दुश्मनी नहीं थी. न जमीन का विवाद था, न संपत्ति का झगड़ा था. आखिर किसने मेरे बेटे को मार दिया. यह कहकर वह बेसुध हो रही थीं. सूचना मिलते ही मसौढ़ी पुलिस दलबल के साथ पहुंची. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल को बैरिकेड कर सैंपल जुटाए. पुलिस ने मौके से कुछ सामान भी जब्त किया है. ग्रामीणों में चर्चा है कि यह आत्महत्या नहीं लगती. लोगों का कहना है कि किसी ने हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-