Hindi News / 10 लाख का इनामी PLFI अमृत होरो चढ़ा हत्थे,50 से अधिक नक्सल कांड...

रांची पुलिस का बड़ा एक्शन : 10 लाख का इनामी PLFI अमृत होरो चढ़ा हत्थे,50 से अधिक नक्सल कांड दर्ज

Edited By:  |
ranchi police ka bada action

रांची:रांची पुलिस को प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पिपुल लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. 10 लाख के इनामी कुख्यात नक्सली अमृत होरो पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. पुलिस ने हथियार, कारतूस और नक्सली सामग्री बरामद किया है. इनामी अमृत होरो झारखण्ड राज्य में विगत 16 वर्षों से नक्सली घटना को अंजाम दे रहा था.

चलाये जा रहे अभियान में मिली सफलता

गुप्त सूचना के आधार पर प्रतिबंधित नक्सली संगठन के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान में रांची पुलिस ने ये कार्रवाई की है. नक्सली अमृत होरो पर 50 से अधिक नक्सल कांड दर्ज है. अमृत के खिलाफ रांची, खूंटी, लोहरदगा, और गुमला जिले में कुल 60 मामले दर्ज है.

अमृत होरोपिछले 16 वर्षों से था सक्रिय

एसएसपी राकेश रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया है. एसएसपी ने कहा कि अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से राज्य में सक्रिय रहकर कई बड़ी नक्सली घटनाओं को अंजाम दे रहा था. इसकी गिरफ्तारी से पीएलएफआइ संगठन का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह से खत्म हो गया है.

पुलिस टीम ने महगांव जंगल के पास घेराबंदी कर दबोचा

एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई का स्टेट चीफ अमृत होरो किसी बड़ी उग्रवादी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. इसी सूचना की पुष्टि के बाद ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने महगांव जंगल के पास घेराबंदी की, जिसके बाद हथियारों से लैस अमृत होरो को धर-दबोचा गया.