रांची : CCL में सीवीओ,सीआईएल की अध्यक्षता में सतर्कता एवं सुशासन पर बैठक, कंपनी की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के मंथन सभागार में कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) ब्रजेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई. कार्यक्रम की शुरुआत सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सीआईएल के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. मौके पर कोल इंडिया गीत भी प्रस्तुत किया गया.
स्वागत भाषण देते हुए सीसीएल के सीवीओ पंकज कुमार ने सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के सीसीएल आगमन पर उनका अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि सीआईएल सीवीओ, मंत्रालय और कंपनी के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं. उन्होंने कहा कि सभी “कोल इंडियंस” कॉरपोरेट लक्ष्यों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सीआईएल के सीवीओ का आभार व्यक्त करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीसीएल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने वन भूमि स्वीकृति, नई खदानों के विकास तथा दशकों से बंद पड़ी खदानों को पुनः शुरू करने में मिली सफलता का उल्लेख किया.
उन्होंने आईसीसीसी (ICCC) प्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से कोयला परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निगरानी को मजबूती मिली है और कोयला ढुलाई पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है. इसके साथ ही उन्होंने कोयला क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, कंपनी की वित्तीय उपलब्धियों, इको पार्क, सोलर पावर प्लांट, सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली, जेएसएसपीएस एवं माइंस टूरिज्म जैसी पहलों की जानकारी दी. इसके अलावा उन्होंने कोल क्वालिटी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीसीएल को पूरे कोल इंडिया में मिली अवार्ड की भी जानकारी दी.
सीआईएल के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने “Reform-Transform-Perform-Inform” विषय पर मुख्य संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि सभी “कोल इंडियंस” ही वास्तविक सतर्कता अधिकारी हैं.
उन्होंने कहा कि कंपनी की प्रगति तभी संभव है जब प्रबंधन, कंपनी और कर्मचारियों का लक्ष्य एक समान हो. उन्होंने साइबर सुरक्षा, छवि निर्माण तथा गुणवत्ता सुधार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा, “हरेक काम में सतर्कता है और सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी है।”
कोल इंडिया परिवार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था “जो जीता वही सिकंदर”, लेकिन आज समय है “जो जीता वही कोल इंडियंस” का. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “Integrity Promise” भी दिलाया.
कार्यक्रम के अंत में सीएमडी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी को स्मृति चिह्न भेंट किया गया. धन्यवाद ज्ञापन निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया. उन्होंने सीआईएल के सीवीओ के प्रेरणादायी विचारों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजिलेंस का लक्ष्य वही है जो कंपनी का लक्ष्य है.
सीसीएल समय-समय पर इस प्रकार के संवादात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है, ताकि कंपनी के सभी “कोल योद्धाओं” में सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता की भावना और अधिक सुदृढ़ हो तथा वे संगठन के लक्ष्यों एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय एवं सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित कर सकें.
बैठक में सीसीएल के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्रशेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा, सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.