गढ़वा में डूबने से दो बच्ची की मौत : घर से निकली थी लकड़ी चुनने,तालाब में मिला शव
गढ़वा:जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह दोनों बच्चियों का शव मिलने पर गांव में शोक की लहर है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला की घटना
जानकारी के अनुसार पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय बेटी प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय बेटी रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने गई थी. शाम तक जब दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. रातभर ग्रामीणों और परिजनों ने आस-पास के इलाकों में खाफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
तालाब में बच्चों ने देखा शव तैरते
बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए जब तालाब किनारे पहुंचे तो अकेलवा तालाब में दो शव तैरते हुए देखा. यह दृश्य देखते ही बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए.





