Hindi News / CM सम्राट चौधरी ने नवीन किशोर सिन्हा पथ का किया उद्घाटन

राजधानीवासियों को बड़ी सौगात : CM सम्राट चौधरी ने नवीन किशोर सिन्हा पथ का किया उद्घाटन

Edited By:  |
rajdhaniwasiyon ko badi saugaat

पटना:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना स्मार्टसिटी अंतर्गत 115.08 करोड़ रुपये की लागत से 1289 मीटर लंबी नवीन किशोर सिन्हा (मंदिरी नाला पथ) का लोकार्पण किया.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज स्व० नवीन किशोर सिन्हा जी की जयंती है. मैं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं. हमलोगों पर उनका आशीर्वाद ऐसे ही बना रहे. उन्होंने कहा कि आज हमसब लोगों के लिए महत्वपूर्ण क्षण है कि पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कार्यान्वित नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) का उद्घाटन किया गया है. इस क्षेत्र से मेरा व्यक्तिगत लगाव रहा है. मंदिरी नाला खुला रहने के कारण यह अव्यवस्थित व प्रदूषित था. इस क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी होती थी. मंदिरी नाला पर फोरलेन पथ का निर्माण कराया गया है.

नवीन किशोर सिन्हा पथ के निर्माण से इनकम टैक्स से अशोक राजपथ जाना होगा और आसान

इस पथ के निर्माण से इनकम टैक्स चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगा. इस पथ में आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली,बेहतर प्रकाश व्यवस्था व सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है.

काफी सुंदर दिखने लगा है और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी. इस फोर लेन सड़क को जेपी गंगापथ से जोड़ा जायेगा. 31 मार्च, 2027 तक इसे पूर्ण करने का हमने निर्देश दिया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पथ के निर्माण से इलाका रेसीडेंशियल से होगा कॉमर्शियल

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ के निर्माण से यह पूरा इलाका रेसीडेंशियल से कॉमर्शियल बनने जा रहा है. अब इस क्षेत्र में बड़े-बड़े मॉल और शो-रूम खुलेंगे. इस पथ के निर्माण के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी को विशेष तौर पर धन्यवाद देता हूं. नितिन नवीन जी इस क्षेत्र के विधायक रहे हैं. इस क्षेत्र के लोगों से उनका जुड़ाव रहा है. उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के सामने इस विजन को रखा और नीतीश कुमार जी ने इसे जमीन पर उतारा. इसके लिए मैंने पायलट प्रोजेक्ट के तहत दीघा आशियाना पथ का निर्माण कराया था. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार में सुशासन स्थापित किया गया है. विकास के काम को जारी रखना है.

क्या कहते हैं लोग

1. पटना स्मार्टसिटी प्रोजेक्ट के तहत मंदिरी नाला पथ निर्माण से अब मुहल्लेवासियों को बहुत राह चलने से सहूलियत मिलेगी. इसके अलावा नाला ढक जाने के कारण वायु प्रदूषण से राहत मिलेगा- अजय पटेल, मुहल्लावासी

2. मंदिरी नाला के निर्माण से इलाके में विकास की नयी कहानी लिखी जायेगी. कई सालों से पिछडापन की समस्या झेल रहा मंदिरी मुहल्ला अब कॉर्मशियल हो जायेगा- राजकुमार राजू