Hindi News / स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई सकारात्मक बातचीत,मरीजों को मिली राहत

PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म : स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई सकारात्मक बातचीत,मरीजों को मिली राहत

Edited By:  |
pmch mein junior doctors ki hadtal khtm

पटना: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है. बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने तत्काल प्रभाव से काम पर लौटने की घोषणा की। हड़ताल खत्म होने से अस्पताल की ओपीडी, वार्ड और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं फिर से सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक के बाद सहमति

स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि के साथ हुई बैठक में जूनियर डॉक्टरों की प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभाग ने भरोसा दिलाया कि डॉक्टरों की मांगों के समाधान के लिए प्रारूप तैयार कर लिया गया है और जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ भी बैठक कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

डॉक्टरों की अन्य प्रशासनिक और संस्थागत मांगों पर भी मिला आश्वासन

सरकार ने यह भी आश्वासन दिया कि पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों के स्टाइपेंड और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के वेतन में बढ़ोतरी का प्रस्ताव इसी सप्ताह वित्त विभाग को भेजा जाएगा। इसके अलावा डॉक्टरों की अन्य प्रशासनिक और संस्थागत मांगों पर भी अगले एक महीने के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

हड़ताल के कारणदो दिनों तकस्वास्थ्य सेवाएं रहीप्रभावित

हड़ताल के कारण पिछले दो दिनों तक पीएमसीएच की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद रहने से ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण नहीं हो सका और बड़ी संख्या में मरीज बिना इलाज कराए लौट गए। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अधिकांश विभागों में कामकाज प्रभावित रहा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

कई मांगों को लेकर हड़ताल पर थेजूनियर डॉक्टर्स

जूनियर डॉक्टर अस्पताल में दवाओं और सर्जिकल सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बॉन्ड अवधि तीन वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने, बॉन्ड तोड़ने पर जुर्माना 25 लाख से घटाकर 10 लाख रुपये करने, स्टाइपेंड बढ़ाने और सीनियर रेजिडेंट की सेवा को बॉन्ड अवधि में शामिल करने जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे।

JDA ने सरकार, चिकित्सा विभाग का जताया आभार

हड़ताल समाप्त होने के बाद JDA ने सरकार, चिकित्सा विभाग, मीडिया और जनता का सहयोग के लिए आभार जताया तथा मरीजों के हित को सर्वोपरि बताते हुए पूरी क्षमता से सेवाएं बहाल करने का भरोसा दिया।