पटना में दिनदहाड़े डकैती : ज्वेलरी दुकान में अपराधियों ने बोला धावा,लाखों के जेवर लेकर फरार
पटना:राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने रविवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया है. जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. यह घटना रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में स्थित अलंकार ज्वेलर्स दुकान में हुई है.जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने दुकान में घुसकर पिस्टल का बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है. अपराधी बेहद सुनियोजित तरीके से आए और मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया.
दुकानदार के मुताबिक, अपराधी करीब 20 लाख की ज्वेलरी लूटकर ले गए. इसमें लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण और 3 से 4 किलोग्राम चांदी शामिल है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और व्यापारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम अब आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनिकी अनुसंधान के जरिए अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले से रेकी की थी और उसी आधार पर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल, इलाके में पुलिस की गश्ति बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.