Hindi News / नशीली दवाइयों की अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

सीतामढ़ी में STF का बड़ा एक्शन : नशीली दवाइयों की अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Edited By:  |
sitamadhi mein STF ki badi karwai sitamadhi mein STF ki badi karwai

सीतामढ़ी:जिले के बेला थाना क्षेत्र में STF ने बड़ी कार्रवाई की है. नशीली दवाओं के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया है. STF की विशेष टीम और SSB 51वीं बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिनमें दो नेपाली नागरिक भी शामिल हैं. भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 15,220 नाइट्राजेपाम टैबलेट, 12,840 स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल और 967 बोतल कोडीन युक्त सिरप जब्त किया गया है. इसके अलावा 13,350 नेपाली मुद्रा और 250 रुपये भारतीय नगद भी बरामद किए गए है. कार्रवाई के दौरान 4 स्मार्टफोन और 2 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. जिनका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था.

बताया जा रहा है कि यह गिरोह भारत-नेपाल सीमा के रास्ते नशीली दवाओं की तस्करी करता था और इन दवाओं को अवैध तरीके से सप्लाई किया जाता था. STF ने गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया और बड़ी सफलता हाथ लगी.

इस मामले में बेला थाना कांड संख्या 98/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है,ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले से किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं या नहीं.

STF ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि आगे भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे, ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह लगाम लग सके.