Hindi News / 22 जुलाई के उपद्रव में शामिल 120 लोगों की तस्वीरें जारी

पटना हिंसा मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन : 22 जुलाई के उपद्रव में शामिल 120 लोगों की तस्वीरें जारी

Edited By:  |
patna hinsa mamle mai police ka bada action

Patna : पटना में आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव मामले में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस ने उपद्रव में शामिल बताए जा रहे 120 लोगों की तस्वीरें जारी कर उनकी पहचान सार्वजनिक की है.इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजधानी पटना सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज,सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग,ड्रोन फुटेज और घटनास्थल पर मौजूद अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की गई है.

पुलिस के अनुसार,आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों और मीडिया कर्मियों पर भी हमला किया गया.कई पुलिसकर्मी घायल हुए,जबकि समाचार कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ भी मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं.इन्हीं आरोपों के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.जिन लोगों की तस्वीरें जारी की गई हैं,उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है.पुलिस अन्य वीडियो और तस्वीरों की भी जांच कर रही है,ताकि उपद्रव में शामिल बाकी लोगों की पहचान की जा सके.

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होती है तो उसकी सूचना पुलिस को दें.पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और उपद्रव फैलाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-