पटना एम्स का होगा बड़ा विस्तार : 24 एकड़ जमीन पर बनेंगे नए मेडिकल ब्लॉक, 200 ICU बेड भी बढ़ेंगे
पटना: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत पटना एम्स के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है. अस्पताल परिसर के विस्तार के लिए करीब 24 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराई जाएगी. इस जमीन पर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस नए भवनों का निर्माण किया जाएगा. जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा.
अस्पताल में 200 नए आईसीयू बेड होंगे उपलब्ध
विस्तार योजना के तहत अस्पताल में 200 नए आईसीयू बेड जोड़े जाएंगे। इससे गंभीर मरीजों के इलाज की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पहले से अधिक प्रभावी बनेंगी। इसके अलावा कई नई सुपर स्पेशियलिटी विभागों की स्थापना की भी योजना है, ताकि कैंसर, हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, किडनी और अन्य जटिल बीमारियों का इलाज एक ही परिसर में उपलब्ध हो सके।
मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
एम्स पटना में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए लंबे समय से बुनियादी ढांचे के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नई परियोजना के पूरा होने के बाद ओपीडी, आईपीडी, ऑपरेशन थिएटर, जांच सुविधाओं और मेडिकल शिक्षा से जुड़े संसाधनों का भी विस्तार होगा। इससे डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों और मरीजों को सभी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नईमजबूती
इस विस्तार का सबसे बड़ा लाभ बिहार के साथ-साथ झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल से आने वाले मरीजों को मिलेगा। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद एम्स पटना पूर्वी भारत के प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो जाएगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।