Hindi News / जेपी गंगा पथ पर दर्दनाक सड़क हादसा,दो दोस्तों की मौत

पटना : जेपी गंगा पथ पर दर्दनाक सड़क हादसा,दो दोस्तों की मौत

Edited By:  |
patna

पटना: जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित जेपी गंगा पथ पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा लॉ कॉलेज घाट के समीप करीब डेढ़ बजे हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बाइकअनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरायी

घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल पीएमसीएच पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।

गांधी मैदान की ओर जा रहे थे दोनों दोस्त

मृतकों की पहचान आलमगंज अग्रवाल टोला निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद सुहैल और 22 वर्षीय मुकेश कुमार सहनी के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और फर्नीचर एवं गद्दा बनाने के काम से जुड़े थे। पुलिस के अनुसार,हादसे के समय सुहैल बाइक चला रहा था जबकि मुकेश पीछे बैठा था। दोनों किसी काम से गांधी मैदान की ओर जा रहे थे।

सुरक्षा व्यवस्था और नियमित पुलिस गश्त की मांग

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और सामने आए किसी अज्ञात वाहन से बचने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक सीधे डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने जेपी गंगा पथ पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम, अधिक सुरक्षा व्यवस्था और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।