Hindi News / 15 जुलाई से पटना से राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर के लिए उड़ेगा हेलीकॉप्टर

पर्यटन को नई उड़ान : 15 जुलाई से पटना से राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर के लिए उड़ेगा हेलीकॉप्टर

Edited By:  |
paryatan ko nai udaan

पटना: बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए राज्य सरकार 15 जुलाई से मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 की शुरुआत करने जा रही है। इस योजना के तहत पर्यटक अब हेलीकॉप्टर से राज्य के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। सरकार का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देना है।

योजना के पहले चरण का संचालन 15 जुलाई 2026 से 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। शुरुआत में हेलीकॉप्टर सेवा तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए उपलब्ध होगी। इनमें वाल्मीकिनगर, राजगीर और मां मुंडेश्वरी मंदिर शामिल हैं। सभी पर्यटन उड़ानें प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित की जाएंगी।

पटना से राजगीर के लिए हेलीकॉप्टर सुबह 9:30 बजे उड़ान भरेगा और 10:30 बजे वापस लौटेगा। वाल्मीकिनगर के लिए पहली उड़ान सुबह 10 बजे तथा दूसरी उड़ान दोपहर 3 बजे होगी। मां मुंडेश्वरी मंदिर के लिए हेलीकॉप्टर सुबह 11 बजे पटना से रवाना होगा और दोपहर 12:45 बजे वापसी करेगा।

पर्यटकों के लिए पटना शहर में 10 मिनट की हेलीकॉप्टर जॉय राइड की भी सुविधा रहेगी। यह सेवा भी शनिवार और रविवार को उपलब्ध होगी। जॉय राइड दोपहर 3 बजे से शुरू होगी और हर 30 मिनट के अंतराल पर उड़ान संचालित की जाएगी।

किराए की बात करें तो पटना से राजगीर का एकतरफा किराया 4,000 रुपये, वाल्मीकिनगर का 5,000 रुपये और मां मुंडेश्वरी मंदिर का 6,000 रुपये निर्धारित किया गया है। पटना हेलीकॉप्टर जॉय राइड के लिए 2,100 रुपये देने होंगे। टिकटों की बुकिंग बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के माध्यम से ऑनलाइन होगी। भुगतान यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से किया जा सकेगा। यदि मौसम या तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द होती है, तो यात्रियों को पूरा किराया वापस किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से बिहार के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।