Hindi News / बोले - पेपर लीक जैसी घटनाओं में सरकार की गलती नहीं, सिस्टम की...

नीट पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान : बोले - पेपर लीक जैसी घटनाओं में सरकार की गलती नहीं, सिस्टम की गलती देखा जाना चाहिए

Edited By:  |
neet paper leak per shiksha mantri ka bada bayan

गोपालगंज:नीट पेपर लीक मामले को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने बड़ा बयान दिया है. गोपालगंज पहुंचे शिक्षा मंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को लेकर सरकार की गलती नहीं,बल्कि सिस्टम की गलती के रूप में देखा जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है और भविष्य में परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं.

गोपालगंज पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने नीट पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गलती किसी से भी हो सकती है,लेकिन इसे सरकार की विफलता नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस मामले में बड़ा एक्शन लिया है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में परीक्षाओं की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो सके. उन्होंने दावा किया कि जो लोग सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं,उनके चेहरे अब सामने आ चुके हैं.

कोचिंग संस्थानों को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि कोचिंग पढ़ाई के लिए होती है,लड़ाई के लिए नहीं. सरकार जल्द ही नए नियम लागू करेगी और सभी कोचिंग संस्थानों को निर्धारित नियमों के दायरे में लाया जाएगा.

शिक्षक स्थानांतरण और पदस्थापन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादों के प्रति प्रतिबद्ध है और तय समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक फैसले लिए जाएंगे.

वहीं राजद द्वारा एमएलसी सुनील कुमार पर लगाए गए आरोपों को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि आरजेडी और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय हैं,इसलिए उनके आरोपों पर आश्चर्य करने की जरूरत नहीं है.

फिलहाल नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री के इस बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है. अब देखने वाली बात होगी कि सरकार परीक्षा व्यवस्था में सुधार के अपने दावों को किस तरह जमीन पर उतारती है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-