Hindi News / MBBS छात्र अश्विनी कुमार का नामांकन निलंबित, हॉस्टल भी खाली कराया

NEET फर्जीवाड़े पर PMCH का बड़ा एक्शन : MBBS छात्र अश्विनी कुमार का नामांकन निलंबित, हॉस्टल भी खाली कराया

Edited By:  |
neet farjeeware per pmch ka bada action

पटना: नीट-यूजी2026परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े के मामले में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH)प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमबीबीएस छात्र अश्विनी कुमार का नामांकन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही छात्रावास में आवंटित उसका कमरा भी रद्द कर दिया गया है. यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर की गई है.

पीएमसीएच प्रशासन के अनुसार,छात्र पर नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितता और फर्जीवाड़े में शामिल होने के आरोप हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी होने तक उसका नामांकन निलंबित रखने का फैसला लिया गया है. साथ ही उसे हॉस्टल की सुविधा से भी वंचित कर दिया गया है.

अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं,तो अश्विनी कुमार का नामांकन स्थायी रूप से रद्द किया जा सकता है. इस कार्रवाई के बाद मेडिकल शिक्षा जगत में भी हलचल तेज हो गई है. प्रशासन का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और संस्थान की साख बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

गौरतलब है कि नीट-यूजी परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े को लेकर देशभर में कई स्तरों पर जांच चल रही है. बिहार में भी इस मामले में एजेंसियां सक्रिय हैं और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है. इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने पीएमसीएच को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.

पीएमसीएच की इस कार्रवाई को मेडिकल संस्थानों में अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है,जिसके आधार पर छात्र के भविष्य को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--