नवादा में आकाशीय बिजली का कहर : वज्रपात की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत, 2 महिलाएं झुलसी
नवादा : बड़ी खबर बिहार के नवादा से है जहां जिले के नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव में शुक्रवार को बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं,जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव में शुक्रवार को सभी लोग खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान दोपहर बाद मौसम अचानक बिगड़ा और बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए सभी लोग एक पेड़ के नीचे शरण लिए थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और सभी उसकी चपेट में आ गए. मृतकों में 3 किसान और एक नाबालिग बच्चा शामिल है. दुर्घटना में 2 महिला झुलस गई.मृतकों की पहचान शंभू कुमार पिता स्व. चंद्रिका यादव उम्र 45 वर्ष,मदन राजवंशी पिता मुनेश्वर राजवंशी उम्र 50 वर्ष,भुवनेश्वर राजवंशी पिता दुखन राजवंशी उम्र 50 वर्ष एवं सोनू कुमार पिता मिथिलेश प्रसाद उम्र 12 वर्ष के रूप में किया गया. वहीं सुनीता देवी पति स्व. गोविंद यादव एवं शोभी देवी पति ललित यादव झुलस गई जिनका अस्पताल में इलाज हो रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल नारदीगंज पीएचसी ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया. झुलसी हुई दोनों महिलाओं का पीएचसी में इलाज चल रहा है.
हादसे के बाद सांगोवर गांव में कोहराम मच गया. वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता देने की बात कही है.
स्थानीय लोगों और प्रशासन ने बारिश के दौरान पेड़ के नीचे शरण न लेने और सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है. मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक जिले में वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है.
नवादा से मुकेश कुमार की रिपोर्ट