नारी शक्ति अधिनियम : महिलाओं के उत्थान के लिए मोदी सरकार कर रही काम-कालीचरण सिंह
चतरा:लोकसभा सांसद कालीचरण सिंह ने बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. कालीचरण सिंह नेकेंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम को मंजूरी मिलने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताया.
देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा
इस मौके पर सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि यह निर्णय देश की माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और वे नीति निर्माण में अपनी मजबूत भूमिका निभा सकेंगी. सांसद ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रही है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो आने वाले समय में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा.
महिलाओं के लिए नए युग की शुरुआत
वहीं, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनामिका देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के लिए एक नए युग की शुरुआत है. इससे महिलाओं को राजनीति में आगे आने का अवसर मिलेगा और वे समाज के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकेगी. जबकि, उपाध्यक्ष रूबी वर्मा ने केंद्र सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि इससे देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी और भी मजबूत होगी.
प्रेस वार्ता में चतरा बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनामिका देवी, जिला उपाध्यक्ष रूबी वर्मा और जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता भी मौजूद रहे.