नारी शक्ति अधिनियम : देश के विकास में महिलाएं निभाएंगी अग्रणी भूमिका-गीता कोड़ा
रांची:बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की सराहना करते हुए इसे बड़ी उपलब्धि बताया है. उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के नाम में ही इसका सार छिपा है. आगेकहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में 33% आरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है.
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को मिलने वाले 33% आरक्षण से विधानसभा से लेकर संसद तक राष्ट्र निर्माण में महिलाएं अपना अहम योगदान निभाने का काम करेंगी.
गीता कोड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 100 वर्ष के उपलक्ष में वर्ष-2047 तक जो विकसित भारत का लक्ष्य रखा है, वह बिना महिलाओं के सहयोग और योगदान के संभव नहीं है. महिलाएं अब सिर्फ लाभार्थी नहीं बल्कि सारथी बनकर देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएंगी.
गीता कोड़ा ने बताया कि मोदी सरकार की ओर से पिछले एक दशक में ऐसी कई योजनाएं धरातल पर उतारी गई जो महिलाओं को आगे बढ़ने व उनके सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है. पंचायत चुनाव हो या निकाय चुनाव महिलाओं ने अपना दमखम दिखाने का काम किया है,जो यह साबित करता है कि जब भी महिलाओं को मौका मिला है उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के लिए संसद में 16,17 एवं 18 अप्रैल को विशेष सत्र का आयोजन किया गया है. वहीं, उन्होंने विपक्ष के सभी राजनीतिक दलों से भी इस अधिनियम का समर्थन करने का आग्रह किया है, ताकि 2029 में देश निर्माण और 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य पूरा करने में महिलाओं को भी अपनी उचित भागीदारी निभाने का मौका मिले.