नहाय खाए के साथ छठ महापर्व शुरू : देवघर में चार दिवसीय छठ पर्व का उत्साह,पहले दिन कद्दू-भात ग्रहण करने की परंपरा
देवघर:लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्वनहाय खाए के साथरविवार से शुरू हो गया है.चैती छठ पूजा का शुभारंभ आज “नहाय-खाय” के साथ हुई है. छठ व्रती पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व की पूजा-अर्चना में लीन है. सुबह से ही घरों में साफ-सफाई के साथ कद्दू काटने, छीलने और प्रसाद बनाने की तैयारियां शुरू की गई. इस मौके पर घर की महिलाएं, बच्चे और परिवार के सभी सदस्य मिल-जुलकर इस पवित्र पर्व को मनाते नजर आ रहे हैं.
नहाय-खाय के दिन व्रती स्नान कर शुद्ध भोजन ग्रहण करते हैं. जिसमें खास तौर पर कद्दू-भात (कद्दू की सब्जी और चावल) बनाया जाता है. यह दिन छठ पर्व की शुरुआत का प्रतीक होता है और पूरे घर में भक्ति व पवित्रता का माहौल बना रहता है.
चैती छठ पूजा को हिंदू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण और आस्था का महापर्व माना जाता है. यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना के लिए समर्पित होता है, जिसमें परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है. इस दौरान लोग एक-दूसरे का सहयोग करते हुए और सामूहिक रूप से इस पर्व को मनाते हैं. जो सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देता है.