मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड : राज्य सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के दिए आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पटना : सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग और ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने की दुखद घटना में मरीजों की मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा है कि यह अत्यन्त पीड़ादायक और हृदय विदारक घटना है,जिससे पूरा समाज मर्माहत है. इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदना प्रकट की. साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार इस घटना को अत्यन्त गंभीरता से ले रही है. दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए तत्काल उच्च स्तरीय टीम गठित कर जांच की जायेगी. जांच में किसी प्रकार की लापरवाही, नियमों की अनदेखी अथवा दोषपूर्ण प्रबंधन की पुष्टि होते ही जिम्मेदार व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटना की पुनरावृति रोकने के लिए अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन उपायों की सरकार व्यापक स्तर पर समीक्षा करेगी. श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.