महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता : बिहार से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता
NEWS DESK : महाराष्ट्र के चर्चित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है. दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी तलाश में महाराष्ट्र पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. आखिरकार भिवंडी पुलिस की विशेष टीम ने बिहार में कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया.
गिरफ्तारी के बाद बिजेंद्र गुप्ता को हवाई मार्ग से पुणे लाया गया,जहां एयरपोर्ट पर पहले से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. वहां से उसे पुलिस सुरक्षा के बीच भिवंडी ले जाया गया. पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है,ताकि पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की गहन पूछताछ की जा सके.
जांच एजेंसियों के अनुसार,बिजेंद्र गुप्ता इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क की अहम कड़ी माना जा रहा है. अधिकारियों को उम्मीद है कि उसकी पूछताछ से पेपर लीक की पूरी साजिश,इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और रैकेट के संचालन के तरीके का खुलासा हो सकता है. इसके साथ ही आर्थिक लेन-देन,फर्जी अभ्यर्थियों की व्यवस्था और नेटवर्क को वित्तीय सहायता देने वालों की भी जांच की जाएगी.
जांच में यह भी सामने आया है कि बिजेंद्र गुप्ता का नाम पहले भी कई चर्चित परीक्षा पेपर लीक मामलों में जुड़ चुका है. इस मामले में इससे पहले उसकी पत्नी समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है,लेकिन बिजेंद्र लगातार पुलिस से बचता रहा. अब उसकी गिरफ्तारी को जांच में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद इस संगठित पेपर लीक गिरोह से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं और मामले में अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--