लोजपा (रामविलास) का बड़ा संगठनात्मक फैसला : बिहार में व्यवसायिक प्रकोष्ठ को मिला नया नेतृत्व, मनोज कुमार निराला बने प्रदेश अध्यक्ष

Edited By:  |
ljp( ramvilas ) ka bada sangathanatamak faisala

पटना:लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पार्टी के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने मनोज कुमार निराला को व्यवसायिक प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है.

व्यापारियों के बीच सक्रिय भूमिका का मिला पुरस्कार

जारी पत्र में कहा गया है कि व्यापारियों के बीच मनोज कुमार निराला की कार्यकुशलता और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनके कुशल नेतृत्व में व्यवसायिक प्रकोष्ठ बिहार में संगठन को और अधिक मजबूत करेगा.

शीर्ष नेतृत्व को भी भेजी गई प्रति

इस मनोनयन की प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान,राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक तथा बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को भी भेजी गई है.

संगठन विस्तार पर जोर

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोजपा (रामविलास) आगामी समय में संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों को सक्रिय कर जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है.

व्यवसायिक वर्ग को साधने के उद्देश्य से यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है.

मनोज कुमार निराला ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे व्यापारियों की समस्याओं को संगठन और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करेंगे तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक ले जाएंगे.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--