खान सर पर भी FIR दर्ज : बॉडीगार्ड की फायरिंग पर बवाल, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी तेज
Panta: पटना में हुए विवाद और फायरिंग मामले में नया मोड़ आ गया है. जानकारी के अनुसार चर्चित शिक्षक खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है. मामला उनके बॉडीगार्ड द्वारा कथित रूप से गोली चलाए जाने से जुड़ा है,जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है.
सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. बॉडीगार्ड द्वारा गोली चलाने को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी.
दूसरी ओर खान सर की ओर से सफाई दी गई है कि गोली आत्मरक्षा की स्थिति में चलाई गई थी. उनका पक्ष है कि सुरक्षा को खतरा महसूस होने पर यह कदम उठाया गया. हालांकि पुलिस अभी सभी दावों और सबूतों का मिलान कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
घटना के बाद संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज,प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले ने राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है. सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लगातार बहस चल रही है. फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच और संभावित अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है. पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--