Hindi News / बंगाल सीएम सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में यूपी-बिहार कनेक्शन,STF ने 3 संदिग्धों...

कशिश न्यूज की खबर पर मुहर : बंगाल सीएम सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में यूपी-बिहार कनेक्शन,STF ने 3 संदिग्धों को दबोचा

Edited By:  |
kashish news ki khabar par lagi mohar

पटना: पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारीके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पकड़े गए लोगों में शार्पशूटर और आपराधिक इतिहास वाले आरोपी शामिल हैं. बक्सर से दो संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं. हत्या में इस्तेमाल की गई एक बाइक भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस बेहद अहम सबूत मान रही है.

6 मई कोचंद्रनाथ रथ की हुई थी गोली मारकर हत्या

बता दें कि चंद्रनाथ रथ की 6 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. चुनाव नतीजे के ठीक तीन दिन बाद यह घटना पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी थी. शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या माना और कई राज्यों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया. जांच के दौरान पुलिस को टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और एक UPI ट्रांजैक्शन से अहम सुराग मिले. इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर STF की टीम उत्तर प्रदेश के बदायूं और संभल पहुंची, जबकि बिहार में भी कई जगहों पर दबिश दी गई.

रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देने की आशंका

सूत्रों के अनुसार,गिरफ्तार संदिग्धों का संबंध अंतरराज्यीय अपराध गिरोह से हो सकता है. पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई बड़ी साजिश या राजनीतिक रंजिश तो नहीं थी. जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने काफी दिनों तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया.

झारखंड कनेक्शन की भी की जा रही जांच

इस मामले में झारखंड कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. STF और SIT की संयुक्त टीमें लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही हैं,ताकि इस हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों तक पहुंचा जा सके.पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, डिजिटल पेमेंट और लोकेशन डेटा के जरिए पूरे गैंग की गतिविधियों को ट्रैक कर रही है.

विपक्ष ने किए राज्य सरकार पर सवाल खड़े

घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है. विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.