Hindi News / भूख हड़ताल के तीसरे दिन देवेंद्र महतो बोले-केवल आश्वासन या लीपापोती से नहीं...

JPSC विवाद में घिरी हेमंत सरकार : भूख हड़ताल के तीसरे दिन देवेंद्र महतो बोले-केवल आश्वासन या लीपापोती से नहीं चलेगा काम

Edited By:  |
jpsc vivad mein ghiri hemant sarkar

रांची:JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के तीसरे दिन आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार पर तीखा हमला बोला. दिशोम गुरू शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुरूजी ने अपना पूरा जीवन संघर्ष,आंदोलन और हक-अधिकार की लड़ाई में बिताया है.यदि आज वे जीवित होते तो खुद इस छात्र आंदोलन का हिस्सा बनते.

25 जुलाई से दिन-रात किया रहा सत्याग्रह

उन्होंने कहा कि आंदोलन भगवान बिरसा मुंडा,दिशोम गुरु शिबू सोरेन,विनोद बिहारी महतो, निर्मल महतो, शहीद शेख भिखारी, नीलांबर-पीतांबर और जयपाल सिंह मुंडा के बताए मार्ग पर चल रहा है. 2 जुलाई को सामने आई 14वीं JPSC परीक्षा की कथित गड़बड़ियों के बाद 5 जुलाई से आंदोलन जारी है,जबकि 25 जुलाई से दिन-रात सत्याग्रह किया जा रहा है.

छात्रों की मांगों पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह

देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि पहले 6 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव अब आपसी सहमति और संगठनात्मक कारणों से 10 अगस्त को किया जाएगा. उन्होंने राज्य के सभी छात्रों और युवाओं से 10 अगस्त को बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की. मुख्यमंत्री द्वारा जांच जारी रहने संबंधी दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि केवल जांच का आश्वासन या लीपापोती से काम नहीं चलेगा. उनका आरोप था कि पिछले 26 वर्षों से JPSC और JSSC में भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं और अब सरकार को ठोस कार्रवाई करनी होगी. उन्होंने एक बार फिर सरकार से छात्रों की मांगों पर जल्द निर्णय लेने को कहा है अन्यथा आंदोलन और तेज करने को बाध्य होंगे.