पुण्यतिथि पर याद किए गए दिशोम गुरु : गिरिडीह में मंत्री सुदीव्य सोनू ने दी श्रद्धांजलि,शिबू सोरेन चौक का उद्घाटन
गिरिडीह:झारखंड आंदोलन के महानायक,पद्मभूषण से सम्मानित एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर सूबे के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू,जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने जेएमएम नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. पुण्यतिथि के मौके पर शहर के बस स्टैंड के पास 'पद्मभूषण शिबू सोरेन चौक'का विधिवत उद्घाटन किया गया.
मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू नेसभा को संबोधित करते हुए भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि एक साल पहले आज ही के दिन गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए थे. आज उनके नहीं रहने की कमी हमेशा खलती है. मंत्री ने कहा कि गुरुजी एक चुम्बकीय व्यक्तित्व थे,जिसके कंधे पर हाथ रखा उसे निखार दिया. उन्होंने कहा कि "शिबू सोरेन का पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों और अलग झारखंड राज्य के निर्माण के संघर्ष के लिए समर्पित रहा. उनके विचार और संघर्ष आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक न्याय, समानता और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया. कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन और उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया. श्रद्धांजलि सभा में मेयर प्रमिला मेहरा,डिप्टी मेयर सुमित कुमार,डीसी रामनिवास यादव,एसपी डॉ. विमल कुमार डीडीसी स्मृता कुमारी सहित जेएमएम के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.





