JPSC आंदोलन के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज : सीएम आवास घेरने पहुंचे बीजेपी नेता,सीएम हेमंत से इस्तीफे की मांग
रांची:राजधानी रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. एक तरफ जहां हजारों की संख्या में छात्र नए विधानसभा भवन के घेराव के लिए सड़क से सदन तक उतर आए हैं. वहीं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता-कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सीएम आवास के बाहर बीजेपी नेताओं ने जमकर हंगामा किया. सीएम हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के बाहर सैकड़ों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी. प्रदर्शनकारी लगातार मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सीएम आवास के चारों ओर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे और मजबूत बैरिकेडिंग लगाई थी. मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और परिसर के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
वहीं, पुलिस ने इस दौरान कई विधायक, पूर्व विधायकों, नेता और कार्यकर्ताओं को हिरासत में भेज दिया है. दरअसल, BJP का यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित नहीं था. बीजेपी नेता अचानक सीएमआवास घेराव करने पहुंच गए थे.