JHARKHAND NEWS : झारखंड में SIR: "कोई भी पात्र मतदाता न छूटे", सीएम हेमंत सोरेन ने दिए सभी DC को कड़े निर्देश
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सख्त रुख में हैं। सीएम ने सभी जिलों के डीसी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि राज्य का कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में अपना नाम जोड़ने, संशोधन कराने या अन्य किसी प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रशासन को इसके लिए मिशन मोड में काम करने का आदेश दिया गया है।रविवार को सभी डीसी के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गणना फॉर्म भरने की सही जानकारी राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। लोगों के मन में फॉर्म, जरूरी कागजात या समय-सीमा को लेकर कोई भी भ्रम नहीं होना चाहिए।इसके लिए पूरे झारखंड में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, जमीनी स्तर पर काम कर रहे BLOs (बीएलओ) को नियमित ट्रेनिंग और संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है, ताकि हर प्रक्रिया पारदर्शी और आसान हो।सीएम सोरेन ने विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों और आदिवासी समुदायों का ध्यान रखने पर जोर दिया है।
मुख्य निर्देश: अगर जरूरत पड़े, तो प्रशासनिक टीमें खुद बुजुर्गों और दिव्यांगों के घर तक पहुंचें और फॉर्म भरने में मदद करें।
इतना ही नहीं, झारखंड से बाहर रहने वाले प्रवासी नागरिकों तक भी इस पुनरीक्षण अभियान की जानकारी पहुंचाने की ठोस व्यवस्था करने को कहा गया है।मुख्यमंत्री का साफ कहना है कि यह अभियान पूरी तरह से पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संचालित हो, ताकि हर झारखंडी समय पर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर सके।