Hindi News / JPSC घोटाला: कोचिंग सेंटर से चलते थे धांधली के तार, CID रेड में...

JHARKHAND NEWS : JPSC घोटाला: कोचिंग सेंटर से चलते थे धांधली के तार, CID रेड में एडमिट कार्ड और मार्कशीट बरामद

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड लोक सेवा आयोग यानी जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में सीआईडी की कार्रवाई तेज हो गई है। सीआईडी ने सोमवार तड़के रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद समेत पांच जिलों के 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह छापेमारी सोमवार सुबह 2 बजे से 6 बजे के बीच गोपनीय तरीके से की गई।जांच के दायरे में आए इन ठिकानों के तार सीधे तौर पर जेपीएससी मुख्यालय, टीडीपीएल कंपनी और उसके पूर्व मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पतंजलि एकेडमी पर बड़ा खुलासा: सीआईडी ने रांची के लालपुर स्थित 'पतंजलि एकेडमी' और इसके संचालक संजीत उर्फ गोल्डेन के ठिकानों पर भी दबिश दी। आरोप है कि अभय तिवारी की टीम सबसे पहले ओएमआर शीट इसी कोचिंग संस्थान में लाती थी। यहीं पर सवालों के सही जवाब तैयार कर, ओएमआर शीट को भरा जाता था। इस छापेमारी के दौरान सीआईडी ने लैपटॉप, मोबाइल, बैंक पासबुक, चेकबुक, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट और ओएमआर शीट की कार्बन प्रतियां जैसी कई अहम सामग्रियां जब्त की हैं।आइए नजर डालते हैं उन प्रमुख ठिकानों पर जहां सीआईडी की रेड पड़ी

रांची: लालपुर में पतंजलि कोचिंग सेंटर के अलावा धुर्वा में संचालक रवि कुमार और नामकुम में आदित्य पांडेय के ठिकानों पर छापेमारी हुई।

बोकारो: सेक्टर-3सी स्थित सनत प्रकाश के आवास और परिसर पर भी सीआईडी की टीम पहुंची।

पलामू: डालटनगंज के पांकी रोड स्थित कोचिंग संचालक रविशंकर और बीएन कॉलेज के शिक्षक संतोष कुमार सिंह के परिसरों को खंगाला गया।

धनबाद और हजारीबाग: सरायढेला और हाउसिंग कॉलोनी समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। वहीं, हजारीबाग में जेपीएससी परीक्षा पास करने के आरोपी सुमन सौरभ के गंगादोहर स्थित आवास पर भी दबिश दी गई।फिलहाल सीआईडी की तरफ से इस पूरी कार्रवाई को लेकर कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस बड़ी कार्रवाई से राज्य के शैक्षणिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।