Hindi News / रांची पुलिस का एक्शन: बूटी मोड़ से 3 गांजा तस्कर गिरफ्तार, नकदी और...

JHARKHAND NEWS : रांची पुलिस का एक्शन: बूटी मोड़ से 3 गांजा तस्कर गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद

Edited By:  |
jharkhand news

रांची के सदर थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक बड़ी खबर आ रही है, जहाँ पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। बूटी मोड़ के पास चल रहे एक बड़े गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में गांजा, नकदी और बाइक बरामद की गई है।राजधानी रांची में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। मामला सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ के आगे, परमानंद स्टोर के पास का है।

गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर दीपक नारायण सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि इस इलाके में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। शनिवार को जैसे ही पुलिस टीम ने परमानंद स्टोर के पास छापेमारी की, वहाँ दो बाइकों पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान परमानंद राय, ललन साह और रितेश प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस उपाधीक्षक (सदर) की मौजूदगी में और NDPS एक्ट की धारा 50 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब इनकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए।

आरोपी परमानंद राय के पास से सफेद प्लास्टिक में रखी 33 पुड़िया गांजा, परफेक्ट रोल का डिब्बा और एक मोबाइल मिला।ललन साह के पास से 6 पुड़िया गांजा के साथ-साथ 72,500 रुपये नकद और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ।वहीं, रितेश प्रसाद के पास से प्लास्टिक और कागज में पैक कुल 59 पुड़िया गांजा जब्त किया गया।

पुलिस ने कुल मिलाकर 310 ग्राम गांजा, 3 मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली 2 बाइक जब्त की हैं।पूछताछ में इन शातिर तस्करों ने जो खुलासा किया, वो बेहद चौंकाने वाला है। आरोपियों ने कबूल किया कि वे तमाड़ के देवड़ी मंदिर क्षेत्र से गांजा की खेप लाते थे। वहाँ से एक बुजुर्ग व्यक्ति बाइक के जरिए इन्हें गांजे की सप्लाई देता था। ये लोग उस गांजे को अपने घरों में लाकर छोटे-छोटे कागज और प्लास्टिक की पुड़ियों में पैक करते थे और फिर कोकर, बूटी मोड़ और बेलगांव चौक के आसपास के युवाओं को निशाना बनाकर ऊंचे दामों में बेचते थे।