JHARKHAND NEWS : झारखंड में ISIS-अलकायदा से जुड़े 61 संदिग्धों पर ATS की पैनी नजर
राज्य में आतंकी गतिविधियों की कमर तोड़ने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड यानी एटीएस (ATS) ने एक बहुत बड़ी पहल शुरू की है। देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाले वैश्विक आतंकी संगठनों—ISIS और अलकायदा से जुड़े 61 संदिग्धों और आरोपियों पर अब एटीएस का शिकंजा कसने जा रहा है।झारखंड एटीएस ने राज्य में सक्रिय या जुड़े हुए कुल 61 संदिग्धों को चिन्हित किया है। खुफिया इनपुट्स और जांच के आधार पर तैयार की गई इस लिस्ट में 12 संदिग्धों का संबंध ISIS से और 49 संदिग्धों का संबंध अलकायदा से पाया गया है। एटीएस ने इस बाबत एडीजी (अभियान), डीजी (अभियान) और राज्य के सभी जिलों के एसपी को एक बेहद गोपनीय और कड़ा पत्र भेजा है, जिसमें इन सभी के खिलाफ बड़े एक्शन की तैयारी की बात कही गई है। यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई है, बल्कि इसके तार सीधे वैश्विक स्तर से जुड़े हैं।
दरअसल, विदेश मंत्रालय ने इसी साल 3 अप्रैल 2026 को सभी राज्यों को एक पत्र भेजा था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के एक बड़े फैसले की जानकारी दी गई थी। 26 मार्च को परिषद ने ISIS और अलकायदा से जुड़े लोगों और संस्थाओं के खिलाफ कड़े प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू करने का निर्णय लिया है।एटीएस की इस रडार पर आए लोगों में ISIS से जुड़े मो. अरशद वारसी, आरिज हसनैन, नसीम उर्फ मोहसिन, आदिल हसन, रेहान आलम, शाहनवाज आलम, मो. शहबाज, साकिब अरमान और फैजान अंसारी जैसे 12 नाम शामिल हैं।
वहीं, अलकायदा से जुड़े 49 संदिग्धों में कारी तैयब, मुफ्ती सोहैब, इम्तियाज खलीफा, मो. सरवर आलम, मौलाना कलीमुद्दीन, मो. अब्दुल शामी समेत कई अन्य चेहरे शामिल हैं, जिन पर जिला पुलिस को 24 घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। आने वाले दिनों में इन सभी के बैंक खातों, वित्तीय गतिविधियों और बेनामी संपत्तियों की बारीकी से जांच की जाएगी।