JHARKHAND NEWS : रांची के बूड़मू में इफको द्वारा लगा मानव स्वास्थ्य जांच शिविर, 150 मरीजों की हुई जांच
रांची : इफको रांची द्वारा शनिवार को खिजूरटोला, ठाकुरगाँव, बूड़मू में मानव स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया. इस शिविर में रामकृष्ण मिशन, मोरहाबादी के चिकित्सा विभाग के डॉ. के सी मांझी, आश्रम के महराज स्वामी जॉय कुमार महंत, सहायक चिकित्सक काशी नाथ रॉय सहित अन्य सहयोगी ने गाँव के 150 वृद्ध,युवा,बाल महिला एवं पुरुष ग्रामीणों की जांच कर उन्हें उचित सलाह के साथ इफको द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया.
इस जांच दल द्वारा एक गोष्ठी के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों को स्वस्थ जीवन यापन के लिए रहन-सहन के वर्तमान शैली में कुछेक बदलाव कर जिन्दगी को और स्वस्थ रखने की बात की एवं कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 6 से आठ ग्लास पानी पीना चाहिये, सुबह 2 से 4 किमी तेज पैदल चलना चाहिए, हमेशा शौच अपने घर में बने शौचालय में ही करना चाहिए, गर्भवती स्त्री को तिरंगा खाना यानी दाल, भात के साथ साग सब्ज़ी एवं फल फूल का नियमित सेवन करना चाहिए तथा आहार की मात्रा सामान्य से एक चौथाई बढ़ा देना चाहिए, बाजार और चौक चौराहों में लगे ठेला खोमचा में मिलने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए और दिनचर्या को नियमित एवं संयमित बनाना चाहिए. नौनिहाल बच्चे के जन्म के एक घण्टे के अंदर माँ का स्तनपान अनिवार्य रूप से कराना चाहिए जिससे की स्तन द्वारा उत्सर्जित खीरसा दूध जिसमें सभी तरह के विटामिन, खनिज लवण एवं प्रोटीन होते हैं को पीकर बच्चा रोग प्रतिरोधक क्षमता से मजबूत होता है और यह एक प्रकार का प्रकृति द्वारा मुफ्त टीकाकरण बच्चा के लिए उपहार के रूप में मां के दूध से मिल जाता है.
इफको के चन्दन कुमार ने सभी उपस्थित किसान परिवारों से आग्रह किया है कि जो आप खेती से उत्पादन ले रहे हैं उसमें कम से कम रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों का प्रयोग करें एवं इफको द्वारा निर्माण किए गए नैनो उर्वरकों का फसलों में प्रयोग कर खेती करें जिससे गुणवत्तापूर्ण फ़सल आपको मिलेगा जिसे आप भी खाकर स्वस्थ रहेंगे एवं जो अन्य आपके उत्पाद को खरीद कर खाएगा वह भी स्वस्थ रहेगा.
इफको द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को ग्रामीणों ने बहुत सराहा एवं गाँव की मुखिया जयंती देवी ने आभार व्यक्त किया.