Hindi News / सेहत से खिलवाड़ पर बड़ा एक्शन: गुमला में जब्त कर नष्ट कराई...

JHARKHAND NEWS : सेहत से खिलवाड़ पर बड़ा एक्शन: गुमला में जब्त कर नष्ट कराई गई एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक

Edited By:  |
jharkhand news

आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को पालकोट रोड क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया।उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के संयुक्त निर्देश पर चले अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर और आशा राज ने किया। अभियान के दौरान मेसर्स आर मार्ट, जयप्रकाश ट्रेडर्स, आलोक जनरल स्टोर, राजेंद्र शाप, आलोक ट्रेडर्स, लक्ष्मी ट्रेडर्स, जग्गू जूस एंड फ्रूट सेंटर सहित कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा लाइसेंस (एफएसएसएआई), पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था तथा स्वच्छता मानकों की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण में मेसर्स जग्गू जूस एंड फ्रूट सेंटर तथा मेसर्स राजेंद्र शाप में बिक्री के लिए रखी गई एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक मिली।खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही इन उत्पादों को नष्ट कराया तथा संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं मेसर्स लक्की जनरल स्टोर से विभिन्न ब्रांड के दूध के नमूने संग्रह कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रांची भेजे गए।जांच के दौरान कुछ अन्य दुकानों में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रखरखाव में भी कमियां मिलीं, जिस पर संचालकों को सुधार के निर्देश देते हुए सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बिना वैध खाद्य लाइसेंस, बिना उचित लेबलिंग अथवा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित रूप से विशेष जांच अभियान जारी रहेगा।