JHARKHAND NEWS : JPSC विवाद: सीएम हेमंत सोरेन की छात्रों से अपील, 'राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं
झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों के विधानसभा घेराव और चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं के नाम एक विशेष संदेश जारी किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए इस संदेश में सीएम ने छात्रों के प्रति संवेदनशीलता और प्रशासन के संयम की सराहना की है। आइए आपको विस्तार से बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में क्या कुछ कहा है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सबसे पहले आज के छात्र आंदोलन के दौरान अत्यंत संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन के सभी अधिकारियों व जवानों का धन्यवाद किया है।
इसके बाद छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा—आपने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई है। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का आपका अधिकार है और आपकी आवाज का सम्मान करना इस सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार ने आपकी बात सुनी है और हमारे वरिष्ठ मंत्री लगातार आपसे संवाद कर रहे हैंमुख्यमंत्री ने छात्रों को यह भरोसा भी दिलाया है कि उनकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पिछले कुछ दिनों में यह साफ हो चुका है कि दोषी चाहे कोई भी हो, सरकार ने किसी को नहीं बख्शा है।सीएम सोरेन ने अपने संदेश में पारदर्शी व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहती है। इस बदलाव में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। झारखंड केवल समस्याओं की चर्चा न करे, बल्कि समाधान की एक नई मिसाल कायम करे, यही सरकार का मुख्य उद्देश्य है।साथ ही, मुख्यमंत्री ने छात्रों को आगाह करते हुए एक अहम बात कही। उन्होंने कहा—मैं यह समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की है। आप सभी से अपील है कि आप ऐसे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं।संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं को झारखंड का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी आवाज को नजरअंदाज करना नहीं, बल्कि सुनना और समाधान निकालना सरकार की प्राथमिकता है। सीएम ने अपनी बात दोहराते हुए युवाओं से अपील की है कि वे संवाद और आपसी विश्वास के साथ मिलकर इस समस्या का स्थाई समाधान निकालें।