Hindi News / कहाँ गए 832 छात्र? JPSC पीटी रिजल्ट के इस रहस्य से मचा हड़कंप

JHARKHAND NEWS : कहाँ गए 832 छात्र? JPSC पीटी रिजल्ट के इस रहस्य से मचा हड़कंप

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC एक बार फिर विवादों के घेरे में है। सिविल सेवा परीक्षा-2025 की प्रारंभिक परीक्षा (PT) का रिजल्ट जारी होते ही अभ्यर्थियों ने आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल सीधा है—रिजल्ट से एक साथ 832 अभ्यर्थी कहां गायब हो गए? क्या पूरा का पूरा सेंटर ही फेल हो गया या इसके पीछे कोई बड़ा खेल है?दरअसल, जेपीएससी द्वारा जारी पीटी रिजल्ट के रोल नंबरों में एक बहुत बड़ा गैप देखने को मिला है। क्रमांक 2601290656 के बाद सीधे क्रमांक 2601291488 को उत्तीर्ण दिखाया गया है। यानी बीच के पूरे 832 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण हो गए हैं.

अभ्यर्थियों में इस बात को लेकर भारी संशय है। उनका पूछना है कि क्या एक पूरे सेंटर के सभी विद्यार्थी अनुपस्थित थे? क्या वहां की परीक्षा रद्द हो गई थी? या फिर क्या इतनी बड़ी संख्या में सभी अभ्यर्थियों की ओएमआर (OMR) शीट में कोई गलती हो गई थी? अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में एक भी छात्र का पास न होना रिजल्ट की विश्वसनीयता पर बड़ा संदेह पैदा करता है। हालांकि, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।विवाद सिर्फ यहीं खत्म नहीं होता। अभ्यर्थियों का गुस्सा इस बात पर भी है कि आयोग रिजल्ट तो जारी कर रहा है, लेकिन कटऑफ मार्क्स का अता-पता नहीं है।

बिना कटऑफ के छात्र कैसे समझें कि वे कितने नंबरों से चूके हैं? इसके अलावा, अभ्यर्थियों ने स्थानांतरित किए जा चुके परीक्षा नियंत्रक से रिजल्ट जारी कराए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया है।इसी बीच, जेपीएससी ने सिविल सेवा बैकलॉग-2025 पीटी परीक्षा का संशोधित मॉडल उत्तर (Revised Answer Key) भी जारी कर दिया है। लेकिन यहां भी पेंच फंसा है। प्रथम पत्र में एक प्रश्न के सभी विकल्प सही पाए गए हैं, जबकि द्वितीय पत्र में चार प्रश्नों को पूरी तरह से रद्द (Drop) कर दिया गया है।लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी इन परीक्षाओं में बार-बार उठते सवाल जेपीएससी की साख को कमजोर कर रहे हैं। अब देखना यह है कि 832 गायब रोल नंबरों और कटऑफ को लेकर आयोग क्या सफाई देता है.