Hindi News / चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.54 किलो अफीम और कई किलो डोडा के...

JHARKHAND NEWS : चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.54 किलो अफीम और कई किलो डोडा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव में पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.540 किलोग्राम अफीम, 293.900 किलोग्राम डोडा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 24 जुलाई को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि तेगम गांव निवासी जलेश कुमार (उम्र 22 वर्ष), पिता फुलेश्वर महतो, अपने घर में अवैध रूप से व्यापार के उद्देश्य से भारी मात्रा में अफीम और डोडा छिपाकर रखा हुआ है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए, सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर अचानक छापेमारी की, जहाँ से यह भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ।इस मामले में कुंदा थाना कांड संख्या 52/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 18, 27 और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।एसपी ने यह भी जानकारी दी है कि प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इस सफल छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के साथ-साथ कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार मंडल और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।