JHARKHAND NEWS : राहुल सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहेब ने किया सरेंडर, कहा- 'जान बचाने के लिए मारा'
जमशेदपुर के मानगो में हुए बहुचर्चित राहुल सिंह हत्याकांड में एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपित साहेब ने अपने तीन साथियों के साथ बुधवार देर रात पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। लेकिन सरेंडर के बाद साहेब ने जो खुलासे किए हैं, उसने पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी है।"गिरफ्तारी के बाद आरोपित साहेब को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। पुलिस के सामने दिए बयान में उसने दावा किया कि—‘अगर वह राहुल को नहीं मारता, तो राहुल उसकी जान ले लेता।’
आखिर इस खूनी खेल की वजह क्या थी? पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। लेकिन आग में घी डालने का काम किया एक प्रेम प्रसंग ने। साहेब के मुताबिक, उसकी प्रेमिका से बातचीत को लेकर राहुल और उसके बीच विवाद बेहद गहरा गया था, जिसने आखिरकार इस हिंसक वारदात का रूप ले लिया।
साहेब ने एक और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा है कि राहुल की मौत गोली लगने से नहीं, बल्कि ईंट-पत्थरों से कुचलकर की गई हैसाहेब का आरोप है कि राहुल पिछले पांच दिनों से लगातार उसकी रेकी कर रहा था। बुधवार को भी करीब 40 युवकों के साथ राहुल उसकी तलाश में घूम रहा था। यही नहीं, साहेब ने दावा किया है कि साकची स्थित बंगाल क्लब के पास राहुल और उसके साथियों ने उस पर फायरिंग भी की थी, जिसमें वह बाल-बाल बचा।फिलहाल, पुलिस ने साहेब समेत चारों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के बयानों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है।
मामले की गहराई तक जाने के लिए साइंटिफिक एविडेंस यानी वैज्ञानिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। आरोपित साहेब के दावों में कितनी सच्चाई है, यह तो आगे की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही साफ हो पाएगा।