Hindi News / BJP ने राज्य सरकार पर लगाई जांच के नाम पर लीपापोती करने का...

झारखंड में ट्रेजरी घोटाला मामला : BJP ने राज्य सरकार पर लगाई जांच के नाम पर लीपापोती करने का आरोप

Edited By:  |
jharkhand mein treasury ghotala mamla

रांची:भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर ट्रेजरी घोटाला मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराने की मांग की है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मंगलवार को रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है.

वित्त मंत्री के बयान पर सवाल

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जांच के नाम पर इस पूरे मामले की लीपापोती की जा रही है. उन्होंने कहा कि सूबे के वित्त मंत्री द्वारा दिए गए बयान के आधार पर यह घोटाला लगभग 10 हजार करोड़ का है. प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि ट्रेजरी घोटाला मामले की जांच के लिए अब तक तीन एसआईटी का गठन किया जा चुका है. हालांकि, टीम को जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए कोई समय सीमा नहीं दी गई है.

'कांड में शामिल बड़े चेहरे को बचाना चाह रही सरकार'

बीजपी का कहना है कि पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डालने की तैयारी चल रही है. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह मामला दूसरे राज्यों से भी जुड़ा हुआ है. राज्य सरकार इस मामले में होमगार्ड के जवान और कुछ पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर इस कांड में शामिल बड़े चेहरे को बचाना चाह रही है. उन्होंने कहा कि IG मानवाधिकार के नेतृत्व में गठित एसआईटी से निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती है.