Hindi News / सीएम हेमंत सोरेन से मिलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी

झारखंड मंत्रालय में औपचारिक मुलाकात : सीएम हेमंत सोरेन से मिलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी

Edited By:  |
jharkhand mantralae mei opcharik mulakat

रांची: झारखंड मंत्रालय में सोमवार को राजनीतिक सरगर्मी के बीच एक बेहद सकारात्मक तस्वीर देखने को मिली. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री के साथ अन्नपूर्णा देवी की यह शिष्टाचार भेंट थी. इस औपचारिक मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई. राज्य के विकास और केंद्र राज्य समन्वय के लिहाज से इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है.

कोडरमा के छात्रों की समस्याओं पर बातचीत

इस दौरान उन्होंने कोडरमा के हजारों छात्र-छात्राओं को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से हटाकर सर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध किए जाने के कारण उत्पन्न समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस विषय को पहले भी पत्राचार और व्यक्तिगत मुलाकात के माध्यम से राज्य सरकार के समक्ष रखा जा चुका है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार से सकारात्मक पहल की अपेक्षा है.


केंद्रीय मंत्री ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजना पर भी की चर्चा

मुलाकात के दौरान राज्य में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई. दोनों नेताओं के बीच जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. केंद्रीय मंत्री ने भरोसा जताया कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार उचित कदम उठाएगी.