झारखंड को मिले 6 नए आईपीएस : अफसरों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय ने जारी की कैडर सूची
रांची:गृह मंत्रालय (पुलिस-I डिवीजन) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चुने गए अधिकारियों के कैडर आवंटन की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. गृह मंत्रालय के अवर सचिव संजीव कुमार द्वारा जारी इस अधिसूचना के तहत देशभर के सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी और प्राथमिकताओं के आधार पर राज्य कैडर आवंटित किए गए हैं. सूची में झारखंड राज्य को कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और मजबूत करने के लिए 6 नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं. झारखंड कैडर पाने वाले आईपीएस में दो होम स्टेट के अधिकारी है. जबकि, चार अधिकारी अन्य राज्यों से आकर यहां अपनी सेवा देंगे.
आईपीएस अन्नेपु विजया लक्ष्मी को मिलाआईजी पद का जिम्मा
झारखंड कैडर की 2006 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजया लक्ष्मी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में आईजीके पद पर नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति प्रतिनियुक्ति के आधार पर की गई है. विजया लक्ष्मी राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं और प्रशासनिक दक्षता के लिए जानी जाती हैं. सीआरपीएफ देश का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है, जिसकी भूमिका आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. ऐसे में उनकी यह नियुक्ति झारखंड कैडर के लिए गौरव का विषय है.
चंदन कुमार झा बने CISF में डीआईजी
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार झारखंड कैडर के वर्ष 2011 बैच के आईपीएस चंदन कुमार झा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में डीआईजी पद की जिम्मेदारी दी गई है. उनकी नियुक्ति भी प्रतिनियुक्ति के आधार पर की गई है. सीआईएसएफ देश के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, मेट्रो रेल सेवाओं, परमाणु एवं अंतरिक्ष संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व संभालता है. ऐसे महत्वपूर्ण संगठन में डीआईजी के रूप में नियुक्ति को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.