जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि : गयाजी में भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, प्रमुख चौराहे पर उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग

Edited By:  |
jannayak karpuri thakur ki punyatithi

गयाजी : महान स्वतंत्रता सेनानी, भारत रत्न से सम्मानित एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर मंगलवार को गयाजी स्थित कर्पूरी भवन में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, बिहार प्रदेश भाजपा कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता, संतोष ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनके चित्र पर पुष्प और माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

इस मौके पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर का जीवन त्याग, संघर्ष और सेवा का अद्वितीय उदाहरण है. उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद की. 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही. स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सत्ता को कभी व्यक्तिगत लाभ का साधन नहीं बनाया, बल्कि उसे जनसेवा का माध्यम माना.

मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाया. हम सरकार से मांग करते हैं कि शहर के प्रमुख चौराहे पर उनकी आदमकद प्रतिमा लगाएं.

वे सादगी,ईमानदारी और स्पष्टवादिता के प्रतीक थे. उनका जीवन बताता है कि सच्ची राजनीति वही है,जो समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के हितों की रक्षा करे.

श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में भाजपा नेता गोपाल प्रसाद यादव,मुकेश ठाकुर,महेश यादव,मंटू कुमार आदि लोग शामिल हुए.

गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट—