झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर घमासान : महागठबंधन और एनडीए में उम्मीदवारों की घोषणा पर मंथन जारी
रांची:झारखंड में दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है,लेकिन महागठबंधन और एनडीए दोनों के बीच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा को लेकर अभी भी असमंजस बरकरार है. एनडीए प्रत्याशी के रूप में बीजेपी किसके नाम पर मोहर लगाएगी इसको लेकर झारखंड से लेकर दिल्ली तक मंथन जारी है.
बीजेपी जल्द करेगा नाम का ऐलान
पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने राज्यसभा चुनाव को लेकर फिर दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार जो भी होगा वह पार्टी का कार्यकर्ता ही होगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व इस पर अपना मोहर लगाएगा और जल्दी ही जो भी नाम है इसका ऐलान किया जाएगा.
तीन दिनों के अंदर उम्मीदवारों के नाम का होगा ऐलान-कांग्रेस
वहीं,दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल हाल में ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर अपना पक्ष रख दिया है. कांग्रेस पार्टी चाहती है कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का भी एक उम्मीदवार खड़ा हो, जिस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निर्णय लेना है लेकिन जो भी होगा गठबंधन के हित में ही फैसला होगा. उन्होंने यह भी दावा किया है कि दो से तीन दिनों के अंदर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा.