हड़ताल पर गए CO-RO को मंत्री विजय सिन्हा ने चेताया : बोले - काम पर लौटें, नहीं तो सेवा समाप्ति और अस्थायी बहाली की कार्रवाई
पटना: बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंचलाधिकारी (CO)और राजस्व अधिकारी (RO)कई दिनों से हड़ताल पर हैं. इस बीच विभाग के मंत्री और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हड़ताली अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि सरकार हड़ताल के हर दिन की गिनती कर रही है और यदि कर्मचारी जल्द काम पर नहीं लौटे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही उन्होंने बताया कि विभाग के 100 दिन पूरे होने के मौके पर यह प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई,जिसमें विभाग के कामकाज और योजनाओं की जानकारी भी दी गई.
हड़ताल के दिनों की गिनती कर रही सरकार
मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़ताली कर्मचारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि“लोग हड़ताल पर गए हैं,सरकार हड़ताल के दिन की गिनती कर रही है. नौकरी करना है,सेवा के भाव से करें. जो ढंग से नौकरी नहीं करेंगे तो सेवा समाप्त कर दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार ने कामकाज प्रभावित न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार कर ली है.
सहानुभूति को कमजोरी न समझें
मंत्री ने कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कामकाज की वैकल्पिक व्यवस्था भी हम लोग बना लिया है. समय रहते सभी कर्मचारियों से अनुरोध कर रहा हूं हमारी भी उनके साथ सहानुभूति है क्योंकि वह हमारे विभाग के हैं. लेकिन सहानुभूति को कमजोरी समझेंगे तो सरकार पूरी शक्ति के साथ कार्रवाई करेगी.
भू-माफियाओं की साजिश का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने हड़ताल के पीछे साजिश की भी आशंका जताई. उन्होंने कहा—साजिश करने वाले जो भू माफिया हैं,वैसे लोगों को आने वाले दिनों में अफसोस होगा क्योंकि इससे हम प्रभावित नहीं होने वाले हैं. जो संकल्पNDAसरकार को इतने बड़े जनादेश के साथ मिला है,उसे जनादेश का सम्मान करने के लिए जो भी कीमत अदा करने पड़ेगा उसे हम करेंगे.
काम पर नहीं लौटे तो निलंबन की चेतावनी
मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कर्मचारी जल्द काम पर नहीं लौटते हैं तो सरकार सख्त कदम उठाएगी. उन्होंने कहा अगर तमाम कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे तो हम अस्थाई बहाली का भी रास्ता खुला रखेंगे. इंतजार की घड़ी अब समाप्त हो रही है. कल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा शुरू हो रही है. अगर तमाम लोग काम पर नहीं लौटे तो मैं उनका निलंबन शुरू कर दूंगा. उनका वैकल्पिक व्यवस्था बनाना शुरू कर दूंगा.
100 दिनों के कामकाज का भी दिया ब्यौरा
विभाग के 100 दिन पूरे होने पर मंत्री ने बताया कि इस दौरान कई अहम पहल की गईं. उन्होंने कहा कि बिहार से जुड़ी सभी जमीनों के लिए बिहार भूमि पोर्टल की शुरुआत की गई है.
उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर से संवाद की शुरुआत की गई थी और 31 दिसंबर को भी वह सहरसा में बैठकर काम कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उस दिन जब लोग नए साल का जश्न मना रहे थे,तब भी विभाग काम कर रहा था.
मंत्री के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनके द्वारा किए गए कामों की सराहना की है.
पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट--