Hindi News / केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिले बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा सुधारों...

DELHI NEWS : केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिले बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा सुधारों एवं भावी कार्ययोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

Edited By:  |
delhi news

दिल्ली : बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह (टाइगर) ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों, नवाचारों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई.

बैठक के दौरान संजय सिंह ने बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के विस्तार एवं गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राज्य के युवाओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 211 प्रखंड स्तरीय डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है. इसके साथ ही विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शैक्षणिक कैलेंडर का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कर शैक्षणिक सत्रों के नियमितीकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं.

उन्होंने यह भी अवगत कराया कि राज्य में स्वच्छ,पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है. शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की जा रही है. वहीं नामांकन,अवकाश,शैक्षणिक गतिविधियों तथा वित्तीय प्रबंधन की प्रभावी निगरानी हेतु समर्थ पोर्टल आधारित डिजिटल प्रबंधन प्रणाली से विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को जोड़ा जा रहा है.

उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए पारदर्शी,समयबद्ध एवं नियमित नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से व्याख्याताओं एवं अन्य आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सकारात्मक एवं दूरदर्शी प्रयासों की सराहना की तथा राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच को और सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया.

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा दोनों नेताओं ने शिक्षा के माध्यम से युवाओं के सशक्तिकरण एवं राज्य के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.

प्रीतम कुमार की रिपोर्ट--