Hindi News / पुलिस ने बगहा और पटना में छापेमारी कर 8 अपराधियों को दबोचा

साइबर ठगी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ : पुलिस ने बगहा और पटना में छापेमारी कर 8 अपराधियों को दबोचा

Edited By:  |
cyber thagi ke bade giroh ka bhandafore

बगहा: बड़ी खबर बिहार के बगहा से है जहां साइबर थाना की पुलिस ने बगहा और पटना में छापेमारी कर 8 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. बदमाशों का गिरोह लोगों को ज्यादा पैसा कमाने का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड में करता था.

बताया जा रहा है कि तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर बगहा साइबर थाना की पुलिस ने पहले सेमरा से सोनू केशरी को हिरासत में लिया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह गिरोह के लिए म्यूल अकाउंट खुलवाने का काम करता था. उसकी निशानदेही पर पटना के मछुआटोली और श्रीकृष्णापुरी इलाके में किराए के मकानों पर छापेमारी की गई,जहां से गिरोह के सरगना आदित्य कुमार समेत कुल 8 लोगों को पकड़ा गया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 एटीएम कार्ड,21 स्मार्टफोन,28 मोबाइल सिम,18 पासबुक,10 पैन कार्ड,7 आधार कार्ड,लैपटॉप और एक पासपोर्ट बरामद किया है. जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोहplayzone9.gamessiteके एडमिन लॉगिन का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लोगों से ठगी करता था.

पुलिस के मुताबिक,आरोपी भोले-भाले लोगों को थोड़े पैसे का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और फिर उसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में करते थे.

गिरफ्तार आरोपियों में एक सदस्य थाईलैंड की यात्रा कर चुका है,जिससे इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है.

फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

बगहा पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.