CM नीतीश ने विष्णुपद मंदिर में की पूजा : महाबोधि मंदिर में भी भगवान बुद्ध को किया नमन, गंगा प्रोजेक्ट का लिया जायजा

Edited By:  |
CM nitish ne vishnupad mandir me ki pooja

गया : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गया पहुंचे। यहां उन्होंने मानपुर प्रखंड के अबगिला स्थित गंगा उद्धव प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर कई आवश्यक निर्देश दिए। उसके बाद वे फल्गु नदी में निर्माण हो रहे रबर डैम एवं सीताकुंड का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। वहीँ उन्होंने बुडको के द्वारा शहर के ब्रह्मयोनी पहाड़ पर निर्मित जल मीनार का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के उपरांत नीतीश कुमार मोक्ष की नगरी विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर गए। उन्होंने विष्णु चरण के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद ज्ञान की नगरी बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध को नमन करने के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के साथ कई विभागों के आला अधिकारी भी चल रहे।

वहीँ मौके पर मौजूद जेडीयू नेता चंदन कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य रूप से मानपुर प्रखंड में चल रहे गंगा उद्भव प्रोजेक्ट के कार्य का जायजा लेने आए थे। गया वासियों को पेयजल की समस्या ना हो, इसके लिए गंगा का पानी मुख्यमंत्री के द्वारा गया पहुंचाया गया है। जो निश्चित रूप से अपने आप में ऐतिहासिक कार्य है। साथ ही जो फल्गु नदी सालों भर सूखी रहती थी और श्रापित थी। उसे श्राप से मुक्त करने के लिए फल्गु नदी में रबर डैम बनाया जा रहा है। ताकि यहां पिंडदान करने वाले लोगों को सालों भर पानी मिलता रहे।

बता दें कि मुख्यमंत्री का यह प्रयास है कि इस बार के पितृपक्ष मेला में जो पिंडदानी यहां पहुंचे, वे फल्गु नदी के जल से तर्पण कर्मकांड करें। रबर डैम का काम जल्द पूरा हो, इसके लिए उन्होंने विशेष दिशा-निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में राज्य की खुशहाली एवं लोगों के उज्जवल भविष्य की कामना को लेकर विशेष पूजा-अर्चना की है। अब जल्द ही जिले में चल रहे विकास कार्यों का लाभ शहर वासियों को मिलेगा।