कार सवार 2 युवकों ने रांची में फैलाया दहशत : किन्नर का पैर तोड़ा, एक युवक को अधमरा कर नंगे फेंका, पुलिस ने किया दहशत को शांत

Edited By:  |
car sawar 2 yovkon ne ranchi mai failaya dahshat

रांची: काले रंग की कार में सवार दो युवकों ने रांची में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक खुली सड़कों पर रौंग ड्राइविंग करते हुए घूमते रहे. इस दौरान कार में सवार दोनों ने एक किन्नर के दोनों पैर कुचल दिया और एक युवक को भी अधमरा कर रोड पर फेंक दिया. इसी क्रम में दोनों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने फायरिंग कर दोनों को न्यूट्रलाइज किया.

इसके बाद किसी व्यक्ति ने सोमवार देर रात 112 पर डायल कर पुलिस को सूचना दी कि ब्लैक रंग के एक स्कॉर्पियो कार जिसका नम्बरJH01FD52...है में दो युवक सवार है. उन्होंने एक किन्नर को अपनी कार से कुचल दिया है और एक युवक की हत्या कर उसका शव अपने वाहन में लेकर भाग गए हैं. इसकी सूचना मिलते ही पूरी रांची पुलिस अलर्ट पर आ गई. सबसे पहले पुलिस की एक टीम ने सड़क पर घायल पड़े किन्नर को अस्पताल पहुंचाया और बाकी टीम उस ब्लैक स्कार्पियो की तलाश में जुट गई.

इसी बीच कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय को यह सूचना मिली कि ब्लैक कार कांके रिंग रोड की तरफ दिखाई पड़ी है. पूरी पुलिस टीम कांके रिंग रोड की तरफ दौड़ पड़ी. ब्लैक कार को खोज लिया गया. वहींपुलिस ने आनन -फानन में कार को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर डाली,लेकिन कार सवार दोनों युवक पूरे बैरिकेडिंग को तहस-नहस कर वहां से फरार हो गए. इस दौरान पहली बार पुलिस टीम को भी वाहन से कुचलने की कोशिश की गई.

चार बार पुलिस की टीम को कुचलने की कोशिश

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि रात के ढाई बजे से पुलिस ने ब्लैक स्कार्पियो का पीछा करना शुरू किया. इस दौरान रांची के कचहरी चौक से लेकर कांके रिंग रोड,तिलता चौक से लेकर मांडर और नगड़ी तक ब्लैक स्कार्पियो को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई. इस दौरान चार बार पुलिस वालों को ही कुचलने की कोशिश की गई . पुलिस के कुछ वाहनों को जबरदस्त टक्कर भी मारी गई.

अंत में किया गया फायर

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि ब्लैक कार को रोकने के लिए कई बार प्रयास किया गया,लेकिन जब लगा कि अब अगर उन्हें न्यूट्रलाइज नहीं किया गया तो पुलिस के साथ साथ कई आम लोगों को भी उनका शिकार हो सकते हैं. पुलिस की टीम अलर्ट हुई और एक बार फिर ब्लैक कार की घेराबंदी कर उन्हें रुकने के लिए कहा गया,लेकिन पुलिस की चेतावनी को अनसुना कर पुलिस को एक बार फिर कुचलने के लिए ब्लैक कार आगे बढ़ चली,जिसके बाद पुलिस के पास फायरिंग के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा. पुलिस ने अपने तरफ तेज रफ्तार से आ रही कार के टायर को निशाना बना फायर करना शुरू किया . गोली चलता देख भी ब्लैक कार सवार युवक नहीं माने जिसके बाद पुलिस ने कार में भी फायर कर दिया.

एक को कमर में लगी गोली

पुलिस के फायरिंग में कार में ड्राइवर की सीट में बैठे युवक को गोली लगी,जिसके बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में किया और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. जिस युवक को गोली लगी है उसका नाम इश्तियाक बताया जा रहा है. फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. वहीं दूसरा आरोपी गुलफाम है जो रांची के नगड़ी इलाके का रहने वाला है.

रांची पुलिस ने ब्लैक कार को जब्त कर लिया है. वहीं जैसी युवक की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी. वह घायल अवस्था में रांची के नागा बाबा खटाल के पास मिला है. उसकी पहचान कॉलेज के छात्र बंटी कुमार के रूप में हुई है. उसकी स्थिति गंभीर है और सदर अस्पताल में उसका इलाज पुलिस की देखरेख में किया जा रहा है.

किन्नरों के साथ पिया शराब,फिर हुई लड़ाई

रांची पुलिस के अनुसार इश्तियाक और गुलफाम ने रांची के कचहरी चौक स्थित एक बार में किन्नरो के साथ शराब पी. इसी दौरान दोनों का किन्नर से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. जिसके बाद इश्तियाक और गुलफाम ने किन्नर को बीच सड़क पर उठाकर फेंक दिया और उसे अपने वाहन से कुचल दिया. किन्नर के पैर टूट गए हैं. उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. इसी बीच मौके पर मौजूद बंटी कुमार ने बीच बचाव की कोशिश की तो उसे इश्तियाक और गुलफाम ने पकड़ लिया और कचहरी चौक स्थित स्टेट बैंक के पास उसे बुरी तरह से पीटा. यहां तक की उसके सिर को कई बार सड़क के डिवाइडर से भी टकरा टकरा कर मारा. जब बंटी के दोस्त उस तरफ बढ़े तब बंटी को गुलफाम और इश्तियाक ने अपने वाहन में बिठा लिया और उसे लेकर फरार हो गए. इस घटना के बाद ही बंटी के दोस्तों के द्वारा रांची पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस अलर्ट हुई.

रांची से नैयर की रिपोर्ट--