बस स्टैंड में आगजनी मामला : खादगढ़ा बस स्टैंड में हुई आगजनी मामले में रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई,CCTV के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
रांची: खादगढ़ा बस स्टैंड पर लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की है. रांची पुलिस ने इस मामले मेंएक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोअर बाजार थाना पुलिस ने अर्जुन भोक्ता नाम के आरोपी को दबोच लिया है. आरोपी के कब्जे से माचिस का डिब्बा और लाइटर बरामद हुआ है. प्रारंभिक जांच में आरोपी पर जान बूझकर आग लगाने का शक है.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 1 फरवरी 2026 के दिन खादगढ़ा बस स्टैंड पर खड़ी छह बसों में अचानक आग लग गई थी. जिसमें सभी बसें जलकर खाक हो गई थी. इस घटना की जांच जारी थी, इसी दौरान 2 फरवरी को फिर बस टर्मिनल के सामने खड़ी सीटी बस में आग लगा दी गई थी. राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई थी.
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में एक संदिग्ध व्यक्ति का हाथ फुटेज में कैद हुआ. फुटेज में देखा गया कि बस में आग लगने से ठीक पहले वह व्यक्ति हाथ में कपड़ा लिए बस में घुसा और बाहर निकलते ही आग भड़क उठी. पुलिस ने आगे जांच की तो 1 फरवरी की घटना वाली पहली जलकर खाक हुई बस के पांच मिनट पहले भी यही व्यक्ति उसी बस के पास से गुजरता नजर आया. इन सुरागों के आधार पर लोअर बाजार थाने में 3 फरवरी को कांड संख्या 31/2026 धारा 326(g)/327(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया. विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी अर्जुन भोक्ता रांची के सिकिदरी का रहने वाला है.