Hindi News / छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, भगवान बुद्ध के जीवन एवं संग्रहालय की विशेषताओं की...

अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस : छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, भगवान बुद्ध के जीवन एवं संग्रहालय की विशेषताओं की दी गई जानकारी

Edited By:  |
Buddha Smriti Park on International Museum Day

पटना- अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर बुद्ध स्मृति पार्क संग्रहालय में आओ चलें संग्रहालय की ओर विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर रेनबो स्कूल, शास्त्रीनगर, बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल, मिलर स्कूल, पटना तथा किलकारी के बच्चों, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की सहभागिता रही। संग्रहालय भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को भगवान बुद्ध से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित किए गए। साथ ही संग्रहालय के इतिहास, महत्व एवं उसकी विशेषताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को संग्रहालय में प्रदर्शित विभिन्न कलाकृतियों तथा भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। इसके अलावा भगवान बुद्ध की पांच प्रमुख मुद्राओं — ध्यान मुद्रा, भूमिस्पर्श मुद्रा, धर्मचक्र मुद्रा, वरद मुद्रा एवं अभय मुद्रा — के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर संग्रहालय के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ तकनीकी सहायक डॉ. मनीष कुमार, प्रभारी सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार तथा प्रधान लिपिक श्री पशुपति नाथ सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट