BPSC परीक्षा कैलेंडर जारी : TRE-4 में 32,388 पद,TRE-4 में पीटी के साथ होगा मेंस,25 अक्टूबर को 72वीं CCE की परीक्षा
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 14 अगस्त 2026 को नया परीक्षा कैलेंडर जारी कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीख और भर्ती प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट कर दी है। कैलेंडर में TRE-4.0 के 32,388 पद भी शामिल हैं। हालांकि शिक्षक भर्ती के इस चौथे चरण के लिए प्रारंभिक परीक्षा यानी PT की तारीख अभी तय नहीं की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद TRE-4 की PT की तारीख जारी की जाएगी। इससे बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों की नजर अब विज्ञापन और परीक्षा कार्यक्रम पर टिक गई है।
BPSC कैलेंडर के अनुसार 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CCE) के 1298 पदों के लिए मुख्य परीक्षा अप्रैल 2026 में आयोजित की जा चुकी है। इसका मुख्य परीक्षा परिणाम अगस्त-सितंबर 2026 में संभावित है। इसके बाद इंटरव्यू और अंतिम परिणाम की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वहीं 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 1189 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित की गई है।
70वीं CCE की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस परीक्षा के माध्यम से 2035 पदों पर नियुक्ति होनी है और इसका अंतिम परिणाम 20 जून 2026 को प्रकाशित किया जा चुका है। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी/सहायक निदेशक के 47 पदों के लिए इंटरव्यू सितंबर 2026 में प्रस्तावित है। वहीं प्रॉसिक्यूशन ऑफिसर के 300 पदों की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम सितंबर में संभावित है।
कैलेंडर में ऑडिटर, पंचायती राज विभाग के 102 पदों और राजस्व विभाग के रिसर्च ऑफिसर के 3 पदों का भी उल्लेख है। दोनों परीक्षाओं के प्रारंभिक परिणाम अगस्त 2026 में संभावित बताए गए हैं। असिस्टेंट एजुकेशन डेवलपमेंट ऑफिसर के 935 पदों की परीक्षा तारीख अभी तय नहीं है।
इसके अलावा 33वीं बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा के 173 पदों की प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश का उल्लेख किया गया है। वहीं 1040 सहायक अभियंता पदों की संयुक्त परीक्षा हाई कोर्ट के स्थगन आदेश के कारण प्रभावित है।
कैलेंडर में स्पेशल शिक्षक के 7279 पद, स्टेनोग्राफर के 15 पद, असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट के 12 पद समेत कई अन्य भर्तियों की स्थिति भी दी गई है। कई पदों पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन चल रहा है, जबकि कुछ भर्तियों में विभागीय निर्देश का इंतजार है।
BPSC ने साफ किया है कि कैलेंडर में दी गई सभी तारीखें अस्थायी हैं। प्रशासनिक या अन्य कारणों से परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है। TRE-4 के 32,388 पदों और 72वीं CCE के 1189 पदों को लेकर अभ्यर्थियों के बीच सबसे ज्यादा उत्सुकता है।