बोकारो ट्रेजरी घोटाला : फर्जी निकासी मामले में एक जवान गिरफ्तार,CID की SIT टीम ने की कार्रवाई
बोकारो:सरकारी महकमों में ट्रेजरी से अवैध राशि निकासी मामले में सीआईडी की एसआईटी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. राज्य की बैंकिंग और ट्रेजरी व्यवस्था में सेंध लगाकर करोड़ों की फर्जी निकासी का खुलासा हुआ है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवान सतीश कुमार को फर्जी तरीके से वेतन निकासी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त के खाते में लगभग 1.06 करोड़ की संदिग्ध राशि का लेन-देन पाया गया है. जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है.
इस काण्ड में पूर्व से गिरफ्तार मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय का सहयोगी था. सीआईडी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग के अकाउंट सेक्शन और ट्रेजरी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है. कई अन्य कर्मी भी जांच के रडार पर हैं. गिरफ्तार जवान से पूछताछ जारी है, जिससे इस बड़े सिंडिकेट के अन्य चेहरों का खुलासा होने की उम्मीद है.